अर्धनिर्मित नाली बनी मुसीबत का कारण, रहवासी हो रहे परेशान”
नाली निर्माण का कार्य जो लोगों की सुविधा के लिए शुरू किया गया था, अब खुद एक गंभीर समस्या बनता जा रहा है। लगभग 10 दिनों से अधूरी पड़ी इस नाली ने न केवल मोहल्ले की व्यवस्था बिगाड़ी है, बल्कि स्थानीय रहवासियों के लिए रोजमर्रा की समस्याओं का कारण भी बन गई है।
मऊगंज जिले के जनपद पंचायत नईगढ़ी के ग्राम पंचायत उमरिया ब्यौहारियांन के उमरिया चौबान में स्थानीय रहवासियों के द्वारा CM हेल्पलाइन (181) में शिकायत करने के पश्चात पंचायत एजेंसी सरपंच शेषमणि विश्वकर्मा एवं पंचायत सचिव नरेंद्र पटेल द्वारा 10 दिन पूर्व शुरू किया गया नाली निर्माण कार्य अब तक पूरा नहीं हो पाया है। निर्माण अधूरा छोड़ दिए जाने के कारण जगह-जगह पर मिट्टी फैल गयी है और गड्ढे, में पानी भर जाने के कारण आवागमन में असुविधा का सामना करना पड़ रहा हैं
स्थानीय निवासी बताते हैं कि बरसात शुरू होने के कारण यह समस्या और गंभीर हो गयी है गड्ढे में पानी भर गया है जिससे आवागमन मुश्किल हो गया , बच्चे, बुज़ुर्ग और महिलाएँ फिसलकर गिरने जैसी दुर्घटनाओं का शिकार हो चुके हैं।
रहवासी हर्षित द्विवेदी का कहना है, “नाली की खुदाई तो कर दी गई, लेकिन काम अधूरा छोड़ दिया गया है। कई बार शिकायत करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई है।”
वहीं बृजेश द्विवेदी कहते हैं,कि “बारिश हो जाने के कारण अर्द्ध निर्मित नाली की वजह से जगह जगह पर मिट्टी फैल गयी है , जिससे बारिश का पानी बाहर नही निकल पाता । जिस कारण बदबू और मच्छरों से जीना दूभर हो गया है।”
प्रशासन से मांग:
रहवासियों की मांग है कि संबंधित विभाग जल्द से जल्द इस कार्य को पूरा करे। यदि जल्द कोई कदम नहीं उठाया गया, तो वे जन आंदोलन की चेतावनी भी दे रहे हैं।
सरकार द्वारा जनता की सुविधा के लिए चलाई जाने वाली योजनाएँ तभी सफल हो सकती हैं जब उन्हें समय पर और पूरी ईमानदारी से पूरा किया जाए। अर्धनिर्मित नाली की यह समस्या न केवल प्रशासन की लापरवाही को उजागर करती है, बल्कि रहवासियों की उपेक्षा भी स्पष्ट करती है। अब देखना यह है कि प्रशासन इस ओर कब ध्यान देता है।

अर्धनिर्मित नाली बनी मुसीबत का कारण, रहवासी हो रहे परेशान”