
#11YearsOfSeva: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सोमवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 11 साल के नेतृत्व की उपलब्धियों को अकल्पनीय और अद्वितीय करार दिया. उन्होंने कहा कि इस दौरान देश ने विकास, सुरक्षा और आर्थिक प्रगति के क्षेत्र में अभूतपूर्व कदम उठाए हैं, जिसने विकसित भारत की नींव मजबूत की है. नड्डा ने विपक्ष, विशेषकर राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उनकी गैर-जिम्मेदाराना राजनीति की आलोचना की और सरकार की मजबूत नीतियों की चर्चा की.
नड्डा ने कहा कि सरकार ने आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है. उन्होंने कहा कि आतंकी और आतंक को समर्थन देने वालों में अंतर नहीं समझा जाएगा. हाल ही में आतंकवादियों को मुंहतोड़ जवाब दिया गया है. इसके साथ ही उन्होंने देश में शीर्ष नक्सली नेताओं के मारे जाने और नक्सलवाद को लगभग समाप्त करने की दिशा में प्रगति पर जोर दिया. उन्होंने बताया कि सीमाओं पर 8,000 किमी सड़कों का निर्माण हुआ, जिससे रक्षा और कनेक्टिविटी मजबूत हुई.
